Header Ads

ad728
  • Breaking News

    मंडी बोर्ड के आयुक्त-सह-प्रबंध संचालक राघवेन्द्र सिंह ने किया कृषि उपज मंडी बरेली का औचक निरीक्षण


    किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं मंडी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश

    भोपाल. मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के आयुक्त-सह-प्रबंध संचालक  राघवेन्द्र सिंह (IAS) ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को कृषि उपज मंडी समिति बरेली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी परिसर में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन कर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिंह ने कहा कि किसानों को सरल, पारदर्शी एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराना मंडी बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान हितों को ध्यान में रखते हुए मंडी की सभी व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि किसानों को अपनी कृषि उपज के विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

    आयुक्त सिंह ने मंडी कार्यालय एवं परिसर, ई-मंडी तथा ई-नाम प्रणाली, ई-नाम लेन, ग्रेन एनालाइजर मशीन, कृषक विश्राम गृह, कैंटीन, पेयजल, स्वच्छता एवं सूचना प्रसारण व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने नीलामी शेड, सीसी रोड, शौचालय, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों तथा प्रस्तावित ग्रेडिंग एवं क्लीनिंग प्लांट के लिए चिह्नित स्थल का भी अवलोकन किया।

    मंडी सचिव श्रीमती ऋतु गढ़वाल ने आयुक्त को मंडी में उपलब्ध सुविधाओं, वर्तमान व्यवस्थाओं तथा आगामी खरीफ सीजन के दौरान मंडी परिसर में प्रतिदिन होने वाली कृषि उपज की आवक के संबंध में जानकारी दी। इस पर आयुक्त श्री सिंह ने मंडी की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने, नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संचालित करने तथा किसानों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिंह ने व्यापार संघ एवं किसान संघ के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की और मंडी की व्यवस्थाओं के संबंध में उनके विचार एवं सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा और हितों को सर्वोपरि रखते हुए सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

    इस अवसर पर अधीक्षण यंत्री  मधुकर पंवार, उप संचालक  लक्ष्मण वास्केल, कार्यपालन यंत्री  गोयल, मंडी सचिव ऋतु गढ़वाल, सहायक यंत्री आनंद योगी, उप यंत्री एन.सी. जाटव, निज सहायक  अनिल कुमार चौरे सहित बरेली मंडी का समस्त स्टाफ तथा व्यापार संघ एवं किसान संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


    No comments

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728