केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान, भोपाल, में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत हुई प्रेस वार्ता
भोपाल। केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान, भोपाल, में स्वच्छता ही सेवा अभियान की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए एक प्रेस वार्ता का आयोजन 30 सितम्बर 2024 को किया गया। यह अभियान 17 सितंबर 2024 को शुरू किया गया और 2 अक्टूबर 2024 तक चलाया जाएगा। श्री एम. पी. सिंह (सहायक मुख्य तकनीकी अधिकारी) द्वारा स्वागत भाषण एवं अभियान का संक्षिप्त विवरण दिया गया। अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह (प्रधान वैज्ञानिक एवं केवीके प्रभारी) द्वारा अभियान के तहत की गई गतिविधियों का अवलोकन प्रदान किया गया।
पर्यावरणीय स्वच्छता के महत्व के बारे में व्यापक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संस्थान और केवीके में वृक्षारोपण अभियान, बैनर प्रदर्शन, स्वच्छता शपथ, साइकिल रैली, स्कूली छात्रों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, संवाद और चर्चाएं, नुक्कड़ नाटक, भित्ति चित्र, मानव श्रृंखला निर्माण, स्थानीय भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम, पर्यटक स्थल बोट क्लब और संस्थान में गंदे स्थानों एवं धार्मिक स्थल पर स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। संस्थान के स्वच्छता कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए निवारक स्वास्थ्य जांच, पीपीई किट और सुरक्षा गियर का वितरण और सामाजिक कल्याण योजनाओं के साथ जुड़ाव का कार्य किया गया। स्वच्छता कर्मियों के सम्मान और कर्मचारियों द्वारा श्रमदान सहित 1 और 2 अक्टूबर के लिए निर्धारित आगामी गतिविधियों की जानकारी भी प्रदान की गई।
क्षेत्रीय स्टेशन कोयंबटूर द्वारा चलाए गए मेगा स्वच्छता अभियान पर भी प्रकाश डाला गया। मीडिया कर्मी श्री दिनेश शर्मा (वरिष्ठ संपादक, दैनिक दीन बंधु) एवं श्री अजय विश्वकर्मा (संपादक, सुमन प्रकाश) ने संस्थान द्वारा किये गये स्वच्छता गतिविधियों की सराहना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सी.आर. मेहता, निदेशक, भा.कृ.अनु.प.-केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान, भोपाल ने बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला और पूरे वर्ष मिशन मोड पर स्वच्छता गतिविधियां चलाने पर जोर दिया। श्री अभिषेक यादव (मुख्य प्रशासनिक अधिकारी) द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
No comments