देवास जिले को जल संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने पर मिला राष्ट्रीय सम्मान
देवास जिले ने 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2024 में जोन-3 में 9वाँ स्थान प्राप्त किया
नई दिल्ली. जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर देवास जिले को 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2024 में जोन-3 श्रेणी में 9वाँ स्थान प्राप्त हुआ है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जिले में संचालित विभिन्न जल संरक्षण योजनाओं, वर्षा जल संचयन संरचनाओं के निर्माण-जीर्णोद्धार, भू-जल स्तर में सुधार तथा सामुदायिक भागीदारी जैसे कार्यों को इस उपलब्धि का आधार बनाया गया। आज मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय जल पुरस्कार समारोह में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल ने देवास जिले द्वारा जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत देवास श्रीमती ज्योति शर्मा को प्रशस्ति-पत्र तथा 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।
देवास जिले को 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2024 में मिला सम्मान जिले के सभी जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जल प्रहरियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। देवास जिला जल संरक्षण के क्षेत्र में आगे भी अग्रणी रहेगा तथा भू-जल स्तर में निरंतर सुधार के प्रयास जारी रहेंगे।

No comments